हाईलाइट
• ओडिशा में 30 अप्रैल तक लॉकडाउन
• केंद्र से की अपील- रेल और हवाई सेवा बंद रखें
भुवनेश्वर: ओडिशा सरकार ने राज्य में 30 अप्रैल तक के लिए लॉकडाउन बढ़ाने का फैसला किया है। ऐसा करने वाला ओडिशा देश का पहला राज्य बन गया है। मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने लॉकडाउन बढ़ाने का ऐलान किया है। राज्य में सभी शैक्षणिक संस्थान 17 जून तक बंद रहेंगे। मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने केंद्र सरकार से 30 अप्रैल तक ट्रेन और हवाई सेवा शुरू नहीं करने का अनुरोध किया है।
देश में लगे 21 दिनों के लॉकडाउन के खत्म होने से पहले ही ओडिशा सरकार ने इस लॉकडाउन को 30 अप्रैल तक बढ़ाने का फैसला किया है। ऐसा करने वाला ओडिशा देश का पहला राज्य बन गया। सीएम नवीन पटनायक ने इसकी घोषणा की। ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने शुक्रवार को कहा कि सरकार ने राज्य में कोरोना वायरस के खतरे से निपटने के लिये 200 करोड़ रुपये की धनराशि निर्धारित की है।
बता दें कि देश में 14 अप्रैल तक के लिए लॉकडाउन की घोषणा की गई है। इसके साथ ही ट्रेन सेवाएं भी पूरी तरह से बंद हैं। सिर्फ मालगाड़ियों के जरिए जरूरी चीजों की ढुलाई की जा रही है। इससे पहले कुछ राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने पीएम नरेंद्र मोदी से चर्चा के दौरान लॉकडाउन बढ़ाने का सुझाव दिया था।